अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। सवायजपुर तहसील के भरखनी विकास खंड के दस गांवों के कोटेदारों पर एसडीएम ने राशन वितरण प्रणाली का अनाज उठाने से रोक लगा दी है। परेशान कोटेदारों ने पूरे मामले से क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराया है।
भरखनी विकास खंड में सभी कोटेदारोें को 31 दिसंबर से पहले ही जनवरी का खाद्यान्न उठाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद खितौली, उमरिया, सिलवारी, कन्हारी, गौरखेड़ा समेत दस गांवों के कोटेदारों ने 31 दिसंबर तक राशन का उठान नहीं किया। इसके कारण एसडीएम सर्वेश गुप्ता ने गोदाम प्रभारी रामकुमार श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि अब इन कोटेदारों का राशन उठान न कराया जाए।
मंगलवार को राशन उठाने पहुंचे कन्हारी और गौरखेड़ा के कोटेदारों ने बताया कि उन लोगों को राशन उठाने से मना कर दिया गया। कोटेदारों ने गोदाम प्रभारी से शिकायत दर्ज कराई, तो उसने एसडीएम का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। एसडीएम ने बताया कि समय से राशन उठान न करने वाले कोटेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। कोटेदारों ने क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की।