-गिरफ्तार किए गए लुटेरों के बारे में जानकारी देते अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनिल सिंह यादव। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। मल्लावां कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए फोन, बाइक, दवाइयां और नगदी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दिन में सब्जी और फल का ठेला लगाते थे और मौका मिलते ही लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में एएसपी पूर्वी अनिल सिंह यादव ने बताया कि मल्लावां कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार और सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार रात साढ़े नौ बजे मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में सुल्तानपुर पुलिया के पास छापा मारा।
मौके से विवेक कश्यप पुत्र राजेश निवासी मोहल्ला गंगारामपुर, विकास राठौर पुत्र राम कुमार निवासी मोहल्ला बंदीपुर, सुंदरम कश्यप पुत्र गुड्डू निवासी कालिका मंदिर के पास मोहल्ला गंगारामपुर, राहुल कुशवाहा पुत्र हरिशंकर निवासी मोहल्ला बंदीरामपुर कस्बा, कोतवाली मल्लावां को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटे गए दो फोन, एक बाइक, तीन पैकेट दवाइयां, 3450 रुपये, दो तमंचे, तीन कारतूस और अन्य सामान बरामद हुआ है। एएसपी ने बताया कि मल्लावां और माधौगंज क्षेत्र में हुई लूट की दो घटनाओं को इन्हीं लोगों ने अंजाम दिया था।