हरदोई। जिला अस्पताल में नाक का ऑपरेशन करने के नाम पर चिकित्सक ने मरीज से दो हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर मरीज और तीमारदार को कक्ष से भगा दिया। तीन दिन तक वह अस्पताल के चक्कर लगाता रहा। जिम्मेदारों से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रेलवेगंज निवासी विजय कुमार पुत्र पुत्तूलाल मजदूर है। उसकी पुत्री प्रिया की नाक पक गई थी। 23 फरवरी को वह बेटी को लेकर जिला अस्पताल गया था। ओपीडी में पांच नंबर कक्ष में ईएनटी सर्जन को दिखाया। डॉक्टर ने आपरेशन कर नाक का नग निकालने की बात कही। विजय का आरोप है कि चिकित्सक ने उससे दो हजार रुपये मांगे। उसके पास रुपये नहीं थे। इस पर चिकित्सक ने उसे दूसरे दिन रुपये लाकर देने के बाद ऑपरेशन करने की बात कही।
वह तीन दिन तक चिकित्सक के पास चक्कर लगाता रहा। 26 फरवरी को वह फिर बेटी को लेकर चिकित्सक के पास पहुंचा तो अभद्रता कर भगा दिया। इसकी शिकायत उसने सीएमएस एके शाक्य से की। शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की। मामला तूल पकड़ने पर दूसरे चिकित्सक ने ऑपरेशन किया। वहीं पीड़ित ने बुधवार को जिलाधिकारी पुलकित खरे से चिकित्सक की शिकायत की है। सीएमएस डा. एके शाक्य ने बताया कि मामला संज्ञान में है।