फोटो-01- हाईस्कूल की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-02- इंटर के परीक्षार्थियों की तलाशी लेतीं शिक्षिकाएं। संवाद
- बोर्ड परीक्षा : दोनों पालियों में हुई परीक्षा में इंटरमीडिएट व्यावसायिक विषय से 28 गैरहाजिर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में शुक्रवार को गणित के सवालों के जवाब देने से 10वीं के 3,101 विद्यार्थियों ने दूरी बना ली। वहीं भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा से 12वीं के 1,958 विद्यार्थी और व्यावसायिक विषय से 28 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि कोई भी परीक्षार्थी नकल किए जाने के आरोप में नहीं पकड़ा गया है। परीक्षा शुचिता के साथ संपन्न हुईं।
जिले में 133 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा हुई। दोनों पालियों में हुईं परीक्षा की निगरानी के लिए सचलदल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण पर रहे। कंट्रोल रूम नोडल शिक्षक गरलवीर सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा हुई। गणित विषय के लिए 37,378 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसमें से 34,277 परीक्षार्थी में परीक्षा में उपस्थित रहे और 3,101 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। सुबह की ही पाली में इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषय की परीक्षा के लिए 662 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसमें से 28 विद्यार्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे और 634 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
बताया कि की पाली में इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। भौतिक विज्ञान विषय के लिए 29,621 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, इसमें से 27,863 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1,958 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और शुचिता के साथ संपन्न हुई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में भंडारित कराया गया है।