हरदोई। वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 23 व 24 जून को गांधी भवन में करेेगी। यह जानकारी ट्रस्ट के वरिष्ठ ट्रस्टी अरूणेश बाजपेई ने दी। शिविर में मेदांता हास्पिटल गुड़गांव के हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम जिले के 300 रोगियों का परीक्षण करेगी। शिविर में पंजीकरण कराने का कार्य मंगलवार से समाप्त हो गया है।
निशुल्क हृदय रोग परीक्षण शिविर का शुभारंभ डीएम विवेक वार्ष्णेय सुबह नौ बजे करेंगे। जिसमें मेदांता हास्पिटल के डा. नरेश त्रेहन के आदेशानुसार डा. एस के तनेजा व डा. कृष्णा सोनी उपस्थित रहेंगे। ट्रस्टी आलोक श्रीवास्तव, करुणा शंकर द्विवेदी व ट्रस्ट के अन्य सहयोगियों ने शिविर को सफल बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
परीक्षण के लिए आने वाले रोगियों की बड़ी संख्या को देखते हुए छह चिकित्सीय परीक्षण टेबलों की व्यवस्था की जाएगी। जहां रोगियों के वजन, ब्लड प्रेशर एवं ईसीजी का निशुल्क परीक्षण होगा । इसके बाद विशेषज्ञ डाक्टर उनकी जांच कर सलाह देंगे।