माधौगंज (हरदोई)। माधौगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सोमवार दोपहर ट्रक और टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो सड़क किनारे खाई में जा गिरा। टेंपो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
बिल्हौर-कटरा मार्ग पर रूदामऊ और शेखवापुर के बीच पावर हाउस के निकट माधौगंज कस्बे की ओर जा रहे ट्रक ने बिलग्राम की तरफ से आ रहे टेंपो में टक्कर मार दी। टेंपो सड़क किनारे खाई में जा गिरा। घटनास्थल पर ही टेंपो पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को गंभीर रूप से घायल होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौके पर दम तोड़ने वालों की शिनाख्त बलीराम (60) निवासी शिवालापुरवा कोतवाली मल्लावां और मनोज (35) पुत्र राम लाल निवासी बारेपुर कोतवाली मल्लावां के रूप में हुई। घटना में घायल उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुरवा निवासी श्रीपाल (30) पुत्र बल्देव, मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बक्खापुरवा निवासी कमलेश (26) पुत्र राजाराम और मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के शिवालापुरवा निवासी लक्ष्मी नारायण (35) पुत्र रामदीन व दो अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां एक घायल ने दम तोड़ दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।