हरदोई। गैंगस्टर समेत कई गंभीर मामलों में नामजद आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित करने की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक की आख्या पर डीएम ने तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं, जबकि 14 लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। उधर दूसरी ओर 164 और शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति डीएम से की है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स की आख्या पर डीएम अविनाश कुमार ने बेहटा गोकुल थानाक्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर निवासी रमेशचंद्र पुत्र मेवाराम, देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर निवासी विद्यासागर वाजपेयी पुत्र शिवदर्शन और पिहानी कोतवाली क्षेत्र के नागर निवासी मोहम्मद शफीक पुत्र नाजिर का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया है। इसके अलावा देहात कोतवाली क्षेत्र के इटौली निवासी रजनीश सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह के दो शस्त्र लाइसेंस, अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर मढ़िया निवासी जयपाल पुत्र मुंशीलाल, सुरसा थाना क्षेत्र के मलिहामऊ निवासी देवेंद्र कुमार मिश्रा पुत्र राधेश्याम मिश्रा, कछौना कोतवाली क्षेत्र के करौंदी खेड़ा निवासी नियामत पुत्र सूबेदार, पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डेल पंडरवा निवासी रामआसरे मिश्रा पुत्र सतीश मिश्रा, पचदेवरा थाना क्षेत्र के बिल्सर हरसेन निवासी राम किशोर पुत्र राम भरोसे और सत्यदेव पुत्र भइया शंकर के शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। डीएम अविनाश कुमार ने टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम जपरा निवासी राजेश कुमार पुत्र शिवाधार और उनकी मां शांती देवी, बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम खेरिया निवासी ऋषी बाबू दीक्षित पुत्र राधेश्याम, कछौना कोतवाली क्षेत्र के खजोहना निवासी मोहम्मद अकरम पुत्र अकील अहमद के शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बाण निवासी देवी शंकर शुक्ला उर्फ झल्लू पुत्र राम भरोसे के दो शस्त्र लाइसेंस भी डीएम ने निलंबित कर दिए हैं।
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि 164 और शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति डीएम से की गई है।