हरदोई। सर्विलांस टीम के प्रभारी ने एसओजी और संडीला कोतवाली पुलिस की मदद से शनिवार तड़के हरदोई-लखनऊ मार्ग पर दस गोवंशों से भरा ट्रक और एक कार पकड़ी है। मामले में मुजफ्फरनगर के दो और रामपुर के एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसपी कार्यालय में सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि सर्विलांस और स्वाट टीम के प्रभारी बृज किशोर सिंह व एसओजी प्रभारी अरविंद यादव को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ट्रक में मवेशी लादकर हरदोई-लखनऊ मार्ग से रामपुर जा रहे हैं। इस पर सर्विलांस टीम, एसओजी और संडीला कोतवाली पुलिस अलर्ट हो गई।
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर भोलाखेड़ा मोड़ के निकट शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे एक ट्रक रोका गया। ट्रक के रुकते ही पीछे आ रही कार का चालक लखनऊ की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे भी पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक में दस गोवंश बंधे मिले। पकड़े गए लोगों ने अपना नाम नईम पुत्र जमील निवासी घेर सलामत खां थाना गंज जनपद रामपुर, फैजान पुत्र महरबान निवासी मुजेहड़ा सादात थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर और जुनैद पुत्र जाहिर निवासी कस्बा व थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर बताया।
सीओ ने बताया कि ट्रक और कार को जब्त किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सर्विलांस और स्वाट प्रभारी बृज किशोर सिंह, एसओजी प्रभारी अरविंद यादव, संडीला कोतवाल, जगदीश यादव, संडीला कोतवाली के उपनिरीक्षक सुखराज, एसओजी के दीवान होरीलाल, सिपाही अभिनंदन सिंह, सम्राट रघुवंशी, जयवीर राठी, समीर अहमद और संडीला कोतवाली के सिपाही कमल दीप सिंह व हसीब खां शामिल रहे।
नईम पर पहले से दर्ज हैं चार मामले
पुलिस के मुताबिक नईम पुत्र जमील गोतस्कर है। उसके विरुद्ध रामपुर जनपद के थाना हजीमनगर में तीन मामले दर्ज हैं, जबकि रामपुर के ही बिलासपुर में भी एक मामला दर्ज है। इन चार मामलों में से दो मामले गोवध के हैं, जबकि एक मामला आर्म्स एक्ट और एक जानलेवा हमले का है।