हरदोई। राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार जिले से कुल 2,990 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया। निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए आठ विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा से पूर्व 16 अक्तूबर को पंजीकृत विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिले के होनहार विद्यार्थियों की प्रतिभा को पंख लगाने और आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से महरूम होने से बचाने के लिए राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इसमें राजकीय व एडेड विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठ के विद्यार्थियों को परीक्षा के आधार पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है जो कक्षा 12 तक लगातार मिलती रहती है। इस बार भी विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगें गए थे। परीक्षा के लिए 2990 विद्यार्थियों ने परीक्षण कराया है।
पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए आठ विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों को परीक्षा के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस बार 16 अक्तूबर को आरआर इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने सभी प्रधानाचार्योें को पत्र जारी कर निर्धारित समय पर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण में शामिल कराने के निर्देश दिए।