फोटो 41- स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए तैयार की गई सीमेंटेड पिच। संवाद
सीमेंटेड पिच तैयार, कोच का इंतजार
- स्पोर्ट्स स्टेडियम में 28 साल बाद खेल प्रोत्साहन समिति ने बनवाई पिच
- नेट भी लगाया गया, खिलाड़ियों को अभ्यास में होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। 28 साल बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीमेंटेड पिच तैयार की गई है। क्रीड़ाधिकारी की माने तो निदेशालय से क्रिकेट कोच की भी मांग की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने का मौका मिल सकेगा।
सीतापुर रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम कोरोना संक्रमण के कारण बंद है। लेकिन खिलाड़ियों की सुविधा के लिए प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी के प्रयासों के बाद स्टेडियम में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए सीमेंटेड पिच तैयार की गई है। 28 साल पहले ये पिच स्टेडियम में हुआ करती थी। लेकिन पिच के टूटने के बाद किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने बताया कि खेल प्रोत्साहन समिति के सहयोग से पिच तैयार की गई है। इसके आसपास नेट भी लगाया गया है ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में सुविधा हो। कहा कि जिले में क्रिकेट कोच के लिए भी वह निदेशालय से मांग रखेंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1992 से पहले आरिफ नाम के कोच हुआ करते थे जो उस समय खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाते थे। उनके जाने के बाद से कोच का इंतजार है।