फोटो 21: तहसील सदर कार्यालय। संवाद
- आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के लिए भटक रहे लोग
- वजीफा और विभिन्न भर्तियों के आवेदन में भी आ रही बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। लेखपालों की चार दिन की हड़ताल से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य आवेदनों का निस्तारण प्रभावित हुआ है। आय, जाति और निवास के करीब 2600 आवेदन लंबित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। प्रमाण पत्र न बन पाने से वजीफा, शुल्क प्रतिपूर्ति सहित विभिन्न रिक्तियों के आवेदन में अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
मांगों के समर्थन में उप्र लेखपाल संघ के आह्वान पर जिले की पांचों तहसीलों के लेखपाल हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल के क्रम में 22 सितंबर को अतिरिक्त क्षेत्रों के बस्ता लेखपालों ने संबंधित तहसीलों में जमा कर दिए थे। इसके बाद तीन अक्तूबर को धरना-प्रदर्शन किया और आठ अक्तूबर से ऑनलाइन सेवाओं के कामकाज का बहिष्कार किया। ऑनलाइन सेवाओं के बहिष्कार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। ऑनलाइन कामकाज बंद होने से प्रमाण पत्रों के लिए जरूरी सत्यापन और रिपोर्ट लगाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इससे आवेदन लंबित होते गए और लोगों को प्रमाण पत्र पाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
खासकर विद्यार्थियों और विभिन्न रिक्तियों के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों की चिंता बढ़ गई। शासन ने कई सरकारी योजनाओं, वजीफा, शुल्क प्रतिपूर्ति और विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन में आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जरूरी किए गए हैं।
-
लंबित आवेदन
2040 आय प्रमाण पत्र
242 जाति प्रमाण पत्र
363 निवास प्रमाण पत्र
-
केस एक :
आय और जाति प्रमाण पत्र नहीं बन सका
नाम : विजय वर्मा, निवासी कसमंडी। डीएलएड का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विजय के मुताबिक, वजीफा और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन में पिता की आय और जाति प्रमाण पत्र की अनिवार्यता है। ऐसे में पिता जयराम का आय और जाति प्रमाण पत्र के लिए एक अक्तूबर को ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अभी तक बन नहीं सका है। जनसेवा केंद्र संचालक ने बताया कि अभी आवेदन पर रिपोर्ट ही नहीं लगी है।
-
केस दो :
रिपोर्ट न लगने से आवेदन लंबित
नाम : कंचन सिंह, निवासी रसूलपुर गोवा। आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। वजीफा और शुल्क प्रतिपूर्ति में पिता की सालाना आमदनी का तहसील से जारी प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है। पिता लाखन सिंह का आय प्रमाण पत्र बनवाए जाने के लिए जनसेवा केंद्र से आवेदन किया है, लेकिन अभी तक नहीं बन पाया है। जनसेवा केंद्र पर पता किया तो संचालक ने बताया कि अभी रिपोर्ट के लिए ही आवेदन लंबित है।
-
हैसियत और फार्मर रजिस्ट्री का काम भी हुआ प्रभावित
लेखपालों की ऑनलाइन सेवाओं के बहिष्कार से आय, जाति और निवास के साथ ही हैसियत प्रमाण पत्र, आय और संपत्ति प्रमाण पत्र (ईडब्ल्यूएस) के साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का भी काम बाधित हो गया। ऑनलाइन सेवाएं ठप होने से आम जनता को परेशानी के साथ ही जनसेवा केंद्रों पर भी आवेदकों की संख्या भी कम हो गई।
-
हड़ताल प्रांतीय स्तर पर हुई वार्ता के बाद स्थगित हो गई
उप्र लेखपाल संघ के जिला मंत्री संजीव यादव ने बताया कि मांगों के संबंध में प्रांतीय पदाधिकारियों और शासन स्तर पर हुई वार्ता के बाद सोमवार से हड़ताल स्थगित कर दी गई है। लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों के बस्ता भी लेना शुरू कर दिया है। ऑनलाइन सेवाओं के भी कामकाज शुरू किए जाएंगे।
-
लेखपालों के कार्य बहिष्कार से ऑनलाइन कामकाज प्रभावित हुआ था। शासन स्तर पर वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त हो गई है, इससे मंगलवार से कामकाज में तेजी आएगी। एसडीएम से कहा गया है कि ऑनलाइन आवेदनों पर तेजी से रिपोर्ट प्राप्त करते हुए आवेदनों का निस्तारण त्वरित कराएं, ताकि आवेदकों को प्रमाण पत्र जारी हो सकें। - दीपाली भार्गव, एडीएम वित्त एवं राजस्व