हरदोई। आंगनबाड़ी केंद्रों के गोद लेकर 26 अधिकारी भूल गए। अधिकारियों ने गोद लिए तीन-तीन केंद्रों की निरीक्षण रिपोर्ट ही नहीं दी। डीएम ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने 78 केंद्रों की निरीक्षण रिपोर्ट न देने वाले 26 अधिकारियों को चेतावनी जारी की है। कहा है कि प्रत्येक माह केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट डीपीओ को प्राप्त कराई जाए।गर्भ से ही कुपोषण के समाप्त किए जाने के लिए पोषण मिशन कार्यक्रम के तहत अधिकारियों को तीन-तीन आंगनबाड़ी केंद्र गोद दिए हैं। अधिकारियों के प्रत्येक माह गोद लिए केंद्रों का भ्रमण करना होता है। कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाए जाने के लिए चलाई जा रही गतिविधियों का निरीक्षण, टीकाकरण, पोषक आहार वितरण आदि की रिपोर्ट डीपीओ को प्राप्त कराने की व्यवस्था दी गई है। अप्रैल की निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा में डीएम ने पाया कि 26 अधिकारियों ने डीपीओ को रिपोर्ट ही प्राप्त नहीं कराई है।
डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। 26 अधिकारियों को सचेत करते हुए आदेश दिए हैं कि प्रत्येक माह निरीक्षण और रिपोर्ट प्राप्त कराई जाए।
-