पकड़े गए व्यक्ति के पास से बरामद चोरी के मोबाइल। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां (हरदोई)। डेढ़ माह पूर्व राघौपुर चौराहा स्थित टेलीकॉम की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के 25 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटरा राघौपुर निवासी शैलेंद्र उर्फ मोनू द्विवेदी पुत्र राजू द्विवेदी की राघौपुर चौराहे पर तीर्थ टेलीकॉम के नाम से दुकान है। 31 दिसंबर की रात चोर ने दुकान में पीछे की तरफ से नकब काटकर 25 हजार रुपये, 25 फोन समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया था। दुकानदार शैलेंद्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी थी।
कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि रविवार रात विवेचक व चौकी इंचार्ज राघौपुर मुईन अहमद को सूचना मिली कि राघौपुर चौराहे पर एक युवक चोरी के सामान के साथ मौजूद है। पुलिस टीम ने दबिश देकर युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलाम वारिस पुत्र फारुख अली निवासी ग्राम फतेहपुर खालसा थाना बांगरमऊ जिला उन्नाव बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 25 मोबाइल फोन, पांच झालर व 1 ईयरफोन समेत अन्य सामान बरामद किया। कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी शातिर अपराधी है। उस पर कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वह फरार चल रहा था। वह एक धार्मिक स्थल में पढ़ाता था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।