हरदोई। विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण में भी प्रशासन समय से काम पूरा कराने की तैयारी में है। विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के एसआईआर के प्रथम चरण में चिह्नित नो मैपिंग वाले करीब 2.26 लाख मतदाताओं की नोटिस पर सुनवाई होगी। सुनवाई के लिए आठ विधानसभा क्षेत्र में 43 केंद्र बनाए गए हैं। सुनवाई के लिए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) की ड्यूटी लगाई गई है।
विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची को शुद्ध और सही-सही बनवाए जाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से करीब 22 साल बाद एसआईआर अभियान दिया गया है। जिले में एसआईआर अभियान से पहले अक्तूबर-2025 तक की मतदाता सूची में 30,19,415 लोगों के नाम शामिल थे। अभियान के पहले चरण में मतदाताओं से भरवाए गए एसआईआर प्रारूप के बाद ड्राफ्ट रोल में 24,74,733 लोगों के नाम मतदाता के रूप में रह गए।
गैरहाजिर, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृतक श्रेणी में 5,44,682 नाम चिह्नित हुए हैं। आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, प्रशासन ने छह जनवरी को 3,548 पोलिंग स्टेशन पर ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन के साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी ड्राफ्ट रोल सौंप दिए।
एसआईआर के दूसरे चरण में नो मैपिंग में चिह्नित करीब 2.26 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए जाएंगे। जिस पर साक्ष्य और घोषणा पत्र के साथ जवाब मांगे जाएंगे। इस पर एईआरओ सुनवाई कर उसका निराकरण करेंगे।
-
जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार चिह्नित नो मैपिंग वाले लोगों पर एक नजर :
विधानसभा का नाम : नो मैपिंग वाले लोग (इकाई में)
सवायजपुर : 31,364
शाहाबाद : 28,203
हरदोई : 41,248
गोपामऊ : 17,708
सांडी : 27,874
बिलग्राम-मल्लावां : 26,900
बालामऊ : 26,972
संडीला : 26,386
-
मताधिकार से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा
एसआईआर अभियान का दूसरा चरण जिले में चल रहा है। छह जनवरी को मतदाताओं के ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन 3,548 पोलिंग स्टेशन पर कराया जा चुका है। ड्राफ्ट रोल पर दावा और आपत्तियां ली जा रही हैं। वहीं, अभियान के दौरान नो मैपिंग श्रेणी में चिह्नित करीब 2.26 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए जाएंगे ताकि वास्तविक कोई भी व्यक्ति मताधिकार से वंचित न होने पाए। सभी पात्रों के नाम सूची में शामिल हो जाएं। नोटिस पर सुनवाई के लिए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार सुनवाई केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। आने वाले फॉर्म का परीक्षण कर निराकरण कराएंगे। -अनुनय झा, जिला निर्वाचन अधिकारी
फोटो 15: जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय। संवाद