फोटो-18- पिकअप से जाते स्कूली बच्चे। संवाद
पिहानी। हरियावां ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में शनिवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 22 विद्यार्थियों को पिकअप से ले जाने का मामला सामने आया है। पिहानी में वाहनों की जांच के दौरान यातायात पुलिस के सिपाही ने पिकअप में बच्चे भरे देखे तो चालक को जमकर लताड़ लगाई। इसके बाद पिकअप का चालान कर दिया। हालांकि इसके बाद भी बच्चे पिकअप से ही कार्यक्रम में पहुंचे।
इन दिनों बेसिक शिक्षा परिषद की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं चल रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग करते हैं। शनिवार को हरियावां विकास खंड की प्रतियोगिता थी। इसमें शामिल होने के लिए जरेली न्याय पंचायत के स्कूलों के 22 बच्चों को पिकअप से प्रतियाेगिता में शामिल होने के लिए भेजा जा रहा था।
पिहानी में यातायात पुलिस के दीवान अशोक कुमार की नजर पिकअप पर पड़ी तो उन्होंने इसे रुकवा दिया। यातायात पुलिस के सिपाही ने पिकअप का चालान कर दिया। पूरे मामले पर हरियावां के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा ने बताया कि कोई वाहन बच्चों को लाने के लिए नहीं मिल रहा था। इसलिए शिक्षक ने इस पिकअप का इस्तेमाल कर लिया। शिक्षकों को ऐसे वाहनों का इस्तेमाल न करने की नसीहत दी गई है।