अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। बारिश के कारण जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घर और दीवार गिरने से वृद्धा सहित तीन लोग घायल हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्धेपुरवा निवासी गंगादेवी (55) पत्नी मिट्ठूलाल रविवार सुबह घर में सो रही थी। अचानक घर की छत भरभराकर गिर पड़ी। आसपास के लोग मदद को दौड़े और वृद्धा को मलबे से बाहर निकाला। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के पति की 15 साल पहले मौत हो गई थी। वह घर पर अकेली रहती थी। वहीं बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम ऐलापुरवा निवासी छोटक्का (50) पत्नी शंभू घर के बाहर छप्पर के नीचे शनिवार रात सो रही थी। अचानक कच्ची दीवार के साथ छप्पर नीचे आ गिरा। वह मलबे में दब गई। परिजनों ने उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक अन्य घटना में सुरसा थाना क्षेत्र के दाउदपुर निवासी मीरादेवी (13) पुत्री राम पाल रविवार सुबह घर की दीवार के पास खड़ी थी। अचानक कच्ची दीवार ढहने से वह घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारिश में घर और दीवार गिरी, तीन घायल
- आसपास के लोगों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला