अमर उजाला ब्यूरो
सांडी। कच्ची शराब बनाने और बेचने के लिए बदनाम सांडी थाना क्षेत्र के कंजड़पुरवा में सुधार की मुहिम रविवार से शुरू हो गई। शराब बनाने का अवैध कारोबार रोकने के लिए सांडी थानाध्यक्ष ने कस्बे के लोगों के साथ कंजड़पुरवा में चौपाल लगाई। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। चौपाल में काफी संख्या में लोगों ने इस पर सहमति जताई है।
कंजड़पुरवा में कच्ची शराब बनाने और बेचने का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। पुलिस की मानें तो यहां हर घर में कच्ची शराब बनाई जाती है। इससे आपराधिक घटनाएं भी बढ़ी हैं। रविवार को थानाध्यक्ष सांडी अरुणेश गुप्ता कस्बा निवासी आनंद मिश्रा, राजेश पाठक, पुनीत बाजपेई, अवधेश मिश्रा, अनिल, सभासद आशारानी आदि के साथ कंजड़पुरवा पहुंचे। यहां लोगों के साथ चौपाल लगाई। थानाध्यक्ष ने कहा कि कच्ची शराब बनाने और बेचने का कारोबार बंद कर दें। स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनाएं चल रही हैं। ब्लाक मुख्यालय के अधिकारियों के माध्यम से यहां के लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण ओर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। बच्चों का भविष्य बेहतर होगा तो आप भी खुश रहेंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही यहां ब्लाक मुख्यालय के स्वरोजगार से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी करने वाले कर्मचारियों को भेजकर जागरुकता लाने का प्रयास किया जाएगा।
कंजड़पुरवा में कच्ची शराब के खिलाफ मुहिम शुरू
- थानाध्यक्ष ने लोगों के साथ लगाई चौपाल, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित