संडीला (हरदोई) में डीसीएम से उतारे गए गोवंश। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार रात इमलिया बाग चौराहे पर घेराबंदी कर गोवंशों से भरी डीसीएम पकड़ ली। तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 21 गोवंश बरामद किए हैं। आरोपियों समेत फरार चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मंगलवार को हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने सूचना दी कि कुछ लोग डीसीएम से बेनीगंज की ओर से गोवंश लेकर कस्बा जा रहे हैं। संडीला चौकी इंचार्ज रामकेवल तिवारी पुलिस बल के साथ इमलिया बाग चौराहे पहुंचे और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
बेनीगंज की ओर से आ रही डीसीएम को पुलिस ने रुकवाया तो चालक इस्तियाक निवासी मोहल्ला सहादतगंज जिला लखनऊ डीसीएम छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डीसीएम सवार तीन लोगों को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए लोगों ने अपना नाम इबरार व इंसाद पुत्रगण गफूर निवासीगण दिलावलगढ़ थाना शिवरत्न गंज जिला अमेठी व रविंद्र यादव पुत्र सुंदर लाल मोहल्ला न्यू हैदरगढ़ थाना ठाकुरगंज जिला लखनऊ बताया।
आरोपियों ने बताया कि वह अन्ना गोवंशों को पकड़ कर गोपालगंज बिहार ले जाकर बेच देते थे। कोतवाल ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेने के साथ ही पुलिस ने हिंदू संगठन के रवि चौधरी, शेखर पांडेय व भाजपा नगर अध्यक्ष महेंद्र सोनी की मदद से गोवंशों को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया है।