अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। भरावन विकास खंड की ग्राम पंचायत कोइली के ग्राम प्रधान और सचिव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश डीएम पुलकित खरे ने जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए हैं। दोनों पर ढाई लाख रुपये से अधिक के सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि हो चुकी है। इसकी वसूली दोनों से कराने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
संडीला के भाजपा विधायक राजकुमार अग्रवाल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष डाक्टर ओम प्रकाश और क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश कुमार ने शासन में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि कोइली के ग्राम प्रधान रघुराई और ग्राम सचिव रामकृष्ण ने विकास कार्यों में अनियमितता की है। इस पर डीएम ने जांच कराई। पता चला कि 2 लाख 51 हजार 790 रुपये के शासकीय धन का दुरुपयोग हुआ है। इस पर डीएम पुलकित खरे ने उक्त धनराशि (आधी-आधी) ग्राम प्रधान और सचिव से वसूलने के निर्देश दिए थे। अब डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी अनिल कुमार सिंह को निर्देश दिए हैं कि ग्राम प्रधान रघुराई और ग्राम सचिव रामकृष्ण के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराएं। डीपीआरओ ने बताया कि निर्देश मिल गए हैं, जल्द ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
कोइली के प्रधान और सचिव पर रिपोर्ट के आदेश
- शासकीय धन के दुरुपयोग की हो चुकी है पुष्टि
- पूर्व में हो चुका है वसूली का आदेश