बस की टक्कर से बाइक सवार चचेरे भाइयों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर छोहा के पास बाइक को रोडवेज ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं उनकी चचेरी बहन घायल हो गई।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मंसूरपुर निवासी उदनपाल (20) पुत्र रामकिशन अपने चचेरे भाई सुशील (22) पुत्र मनीष, चचेरी बहन नीरू (17) पुत्री देशराज के साथ बाइक से शहर आ रहे थे। कोतवाली क्षेत्र में संचालित एक नर्सिंग होम अपनी बहन प्रियंका पत्नी मंजेश निवासी कुतुआपुर कोतवाली शहर को देखकर वापस घर जाने के दौरान हरदोई- बिलग्राम मार्ग पर छोहा पुलिया पर सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें उदनपाल और सुशील की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरू गंभीर रूप से घायल हो गई। उसको जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।