हरदोई। शहर में कैनाल रोड पर सरेआम एक मवेशी व्यापारी की जेब काटकर 20 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी है।
टड़ियावां थाना के गुलरीपुरवा निवासी कमलेश अपनी पत्नी अनीता देवी के साथ गुरुवार को पिहानी चुंगी के पास लगने वाले नखासा बाजार में मवेशी खरीदने आया था। मवेशी खरीदने के बाद एक बैटरी रिक्शे पर सवार होकर वापस घर लौट रहा था।
पिहानी चुंगी से शहर में एक पेट्रोल पम्प के पास तीन युवक भी उसी रिक्शे पर सवार हुए। इन तीनों लोगों को कैनाल रोड पर नहर कालोनी के पास छोड़ने के बाद रिक्शा आगे बढ़ा तो कुछ दूर पहुंचने पर पत्नी अनीता की नजर कमलेश की कटी पैंट की जेब पर पड़ी। देखा तो जेब से 20 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। कमलेश ने इसकी शिकायत 112 नंबर पुलिस से की है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।