अजय प्रताप सिंह के घर में खुली पड़ी सेफ और बिखरा सामान। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस की लचर कार्यशैली के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रहीं हैं। चोरों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले ईंट भट्ठा व्यवसायी के बंद मकान को निशाना बनाया। यहां से नगदी जेवर समेत करीब 20 लाख का माल चोरी कर ले गए। पीड़ित पांच सितंबर को घर लौटे तो घटना का पता चला। चोरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना तीन सितंबर की रात की है।
प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के ओएसडी प्रताप सिंह भदौरिया के भतीजे अजय प्रताप सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह भदौरिया शहर कोतवाली में सांडी रोड पर एएसवीवी इंटर कालेज वाली गली में रहते हैं। उनका ईंट भट्ठा सवायजपुर तहसील क्षेत्र के घोड़ीथर में है। 29 अगस्त को अजय परिवार सहित गांव खितौली गए थे। पांच सितंबर को जब वापस घर आए तो गेट पर ताला लगा था, लेकिन कमरों में सामान बिखरा मिला। इस पर उसने घर मेें रखे रुपये व जेवरों की पड़ताल की।
अजय ने बताया कि चोर घर से लगभग सात लाख 60 हजार रुपये और सोने के दो हार, दो चेन, झुमकी और कुंडल, सोने की दस अंगूठी, मांगबेंदी, पांच सौ ग्राम वजन की पायलें चोरी कर ले गए। चोरी का पता चलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। अजय प्रताप के घर के सामने बने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रेकी करते संदिग्ध नजर आ रहे हैं। वहीं तीन सितंबर की रात अजय के घर से चोरी के बाद गेट फांदते दो चोर भी दिख रहे हैं। अजय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बढ़ रहे अपराध
चोरी की घटना के बारे में जानकारी करने के लिए शहर कोतवाल के सीयूजी नंबर पर कॉल किया गया, तो फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में जब एक बार फोन रिसीव भी हुआ तो बाद में जानकारी देने की बात कही गई। पिछले कुछ समय से शहर कोतवाली क्षेत्र में अपराधों की बाढ़ सी आ गई है। अधिकांश घटनाओं की रिपोर्ट तक शहर कोतवाली पुलिस नहीं दर्ज करती।