टोडरपुर। ब्लॉक के ग्राम रैगवां में बुखार ने पांव पसार दिए है। तीन दर्जन से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। तीन दिन में बुखार से एक महिला समेत दो लोगों की जान जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के मौके पर न पहुंचने से लोगों में रोष है।
टोडरपुर ब्लॉक के रैगवां गांव के लोगों की मानें तो अब तक लगभग 20 घरों में 40 लोग बुखार की चपेट में हैं। गांव में इलाज न मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। वहीं सीएचसी में इलाज की समुचित व्यवस्था न होने से मरीज निजी अस्पतालों का सहारा ले रहे हैं। दो दिन में सुनील (37) पुत्र शांती व मीना (28) पत्नी राकेश की बुखार से मौत हो चुकी है। शुक्रवार को महेंद्र और देवेंद्र के परिजन बुखार की चपेट में आ गए। उनके बच्चों को निजी अस्पताल ले जाया गया। सीएचसी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि रैगवां में बुखार फैलने की सूचना नहीं है। जो मरीज सीएचसी आ रहे हैं, उनका समुचित इलाज किया जा रहा है।
तो सीएचसी की रिपोर्ट गलत...
टोडरपुर निवासी गोलू सिंह पुत्र सूरज सिंह व मुन्नी देवी पत्नी केशराम ने बताया कि उसने सीएचसी में मलेरिया की जांच कराई थी। जहां पर जांच रिपोर्ट मेें मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद अलग-अलग पैथोलॉजी में दोनों ने जांचें कराई, जहां पर मलेरिया पॉजीटिव निकला। सीएचसी की गलत रिपोर्ट से ग्रामीणों में रोष है।