बुधवार रात पिहानी जंगबहादुरगंज मार्ग पर ग्राम राभा के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौना निवासी अनूप सिंह पुत्र स्व. ऋषिपाल परिवार के साथ पिहानी कस्बे के मोहल्ला मुरीदखानी में रहता था। बुधवार शाम अनूप अपने गांव जरौना गया था। उसके साथ मुरीदखानी निवासी नितिन (16) पुत्र बलराम सिंह व जरौना निवासी गोविंद (17) पुत्र श्रवण जोशी भी थे। बुधवार देर रात तीनों एक ही बाइक से जरौना से पिहानी आ रहे थे। जंगबहादुरगंज मार्ग पर ग्राम राभा के निकट दूसरी तरफ से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। दूसरी बाइक पर पिहानी कस्बे के मोहल्ला मिश्राना निवासी आशीष मिश्रा और मंसूरनगर निवासी विवेक उर्फ टिंकू अवस्थी (35) पुत्र राजेश अवस्थी सवार थे। हादसे में अनूप और विवेक की मौत हो गई जबकि नितिन, गोविंद और आशीष घायल हो गए। विवेक शाहाबाद में ट्रैक्टर एजेंसी पर कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी मनु अवस्थी, सात वर्षीय पुत्री आस्था और छह वर्षीय पुत्र यश है। अनूप के परिवार में मां बेरला और भाई हैं। वह कस्बे में ही केबल की दुकान पर काम करता था।
जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड के अभिलेखों के मुताबिक बुधवार रात एक बजकर दस मिनट पर मृतक अनूप को अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजन उसका शव जबरन ही अपने साथ ले गए। रात में दो बजकर 15 मिनट पर फिर से शव जिला अस्पताल लाया गया।