हरदोई जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर शवों को देखते लोग। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर ग्राम शुक्लापुर के निकट मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक और सीतापुर निवासी वृद्ध की मौत हो गई। जबकि महिला घायल हो गई।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सरैंया निवासी रवि (25) पुत्र रामलोटन शर्मा बढ़ई था। रवि की ससुराल संडीला के महमूदपुर में है। बुधवार को उसके साले आशीष की बरात जानी थी। रवि की पत्नी पिल्ली तीन बच्चियों के साथ शनिवार को ही महमूदपुर चली गई थी। मंगलवार शाम रवि बाइक से महमूदपुर जा रहा था।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही बाइक से रवि की बाइक भिड़ गई। दूसरी बाइक पर प्रेमसागर (60) और उनकी पत्नी राजकुमारी (55) निवासी उमरापुर जनपद सीतापुर सवार थे। हेलमेट न लगाए होने के कारण रवि और प्रेमसागर के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि राजकुमारी सड़क किनारे मिट्टी पर गिरी।
तीनों घायलों को राहगीरों की सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल ले गई। यहां चिकित्सकों ने प्रेमसागर और रवि को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। दोनों शवों को पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रेमसागर और राजकुमारी हरदोई के महोलिया में रहने वाली पुत्री के यहां जा रहे थे।