शाहाबाद पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर नरकतरा में 28 जून की रात दावत के दौरान महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सिकंदरपुर नरकतरा निवासी टीकाराम के घर पर पुत्र का जन्म होने की खुशी में 28 जून को दावत हुई थी। दावत के दौरान ही भूमि के टुकड़े पर कूड़ा डालने के विवाद में गांव निवासी ऋषिराम का विवाद टीकाराम और हरीराम के साथ हो गया था। आरोपियों ने ऋषिराम को लाठी-डंडों से पीटना शुरू किया था तो उसकी पत्नी सुमन (35) बीच-बचाव करने लगी थी।
इस पर आरोपियों ने सुमन पर लाठी के कई वार कर दिए थे। घटना में सुमन की मौत हो गई थी। ऋषिराम की तहरीर पर हरीराम, हरिशरण, दीनदयाल, होरीलाल पुत्रगण टीकाराम, रामू पुत्र हरिशरण और कोले पुत्र हरीराम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने हरिशरण पुत्र टीकाराम व रामू पुत्र हरिशरण को मंगलवार सुबह पाली मार्ग पर आगमपुर तिराहे के पास गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी फरार हैं। सीओ उमाशंकर सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।