बिजली गिरने से दो की मौत
अमर उजाला ब्यूरो।
हरदोई। जिले में सोमवार रात हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग झुलस गए।
अतरौली थानाक्षेत्र के मल्हराखेड़ा गांव मजरा पुरवामान में सोमवार शाम लखनऊ के थाना माल के रानीखेड़ा गांव मजरा चंदवार निवासी बरातीलाल यादव (45) पुत्र गुरुप्रसाद, उनके साथी राकेश (35) पुत्र हीरा यादव व कुलदीप (40) पुत्र महावीर प्रसाद पर बिजली गिर पड़ी। इसमें बरातीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दोनों साथी झुलस गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भरावन पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि तीनों मल्हराखेड़ा निवासी बाबू के घर विदाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापस गांव जाने के दौरान हादसा हो गया। एसओ डीएन मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव के निकट भट्ठे पर परवतिया (40) पत्नी मोहन निवासी छत्तीसगढ़ सोमवार शाम खाना पका रही थी। इस बीच बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई। भट्ठा मालिक गोविंद मोहन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। तहसीलदार बिलग्राम राजेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों को दैवी आपदा के तहत सहायता दिलाई जाएगी।