हरियावां। भीषण गर्मी में शुक्रवार की रात में उपकेंद्र की मशीन में खराबी आने से पूरी रात लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। ऐसे में लोगोंं को भीषण गर्मी व उमस के बीच रात जागकर बितानी पड़ी। करीब 18 घंटे तक बिजली न मिलने से लोग गर्मी में बेहाल रहे।
विद्युत उपकेंद्र से चार फीडर संचालित हैं। इन फीडरों से 200 से अधिक गांव के 22 हजार घरों को बिजली जाती है। शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे से मेन लाइन की मशीन में खराबी आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने बनाने का प्रयास किया, लेकिन मशीन ने काम नहीं किया।
रात में बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी, जिसके कारण बिजली उपभोक्ताओं को रात जागकर बितानी पड़ी। भीषण गर्मी में लोग बिजली न मिलने से परेशान रहे। शनिवार दोपहर दो बजे तक मशीन ठीक हो सकी। कस्बा के रामू, श्रीकांत मिश्रा, मनोज कुमार, कमलाकांत, कमलकिशोर ने बताया कि शुक्रवार की रात से लगातार 18 घंटे बिजली न आने शनिवार को सुबह से पेयजल की समस्या हो गई। जेई मनोज कुमार ने बताया कि मशीन को ठीक करा दिया गया। जल्द ही बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है।
सवायजपुर। क्षेत्रीय विधायक ने ग्राम भईलामऊ के समीप 16 किमी. जर्जर विद्युत लाइन के सुदृढ़ीकरण का शुभारंभ किया।
विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बताया सवायजपुर विद्युत उपकेंद्र की भईलामऊ से नकटौरा तक लगभग 16 किमी. लाइन काफी जर्जर है। लोहे के तार इत्यादि के कारण आए दिन हादसे होते हैं। लाइन के बदलने से बिजली आपूर्ति बेहतर हो सकेगी। अवर अभियंता प्रभात कुमार ने बताया इस कार्य पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च होंगे। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी हरिदीपक यादव, विवेक प्रताप सिंह व दीपांशु मौजूद रहे।