मल्लावां । अज्ञात कारण से लगी आग से 17 घरों समेत घर में रखी नगदी व अन्य सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने पंपसेट व फायर ब्रिगेड की गाड़ी की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब 16 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बलेहरा कमालनगर में शनिवार की दोपहर गांव के एक घर में अज्ञात कारण से आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते इससे पहले ही हवा का साथ पाकर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते देखते आग ने आस पास के 16 अन्य मकानों को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने पंपसेट व अन्य संसाधनों से आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन कोई खास असर नहीं हुआ। जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गांव के दुरविजय सिंह, विजयबहादुर, कुष्णपाल सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, शिवप्रताप सिंह, राजपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, हरिशरण सिंह, अमर सिंह, वीरपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, हरी सिंह, छोटे सिंह, केहरि सिंह, शेरसिंह, निर्भय सिंह व अवधेश सिंह के घर, अंदर रखी गृहस्थी और नगदी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया।
विजय बहादुर सिंह ने बताया कि उसके घर में डेढ़ लाख रुपये रखे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, तहसीलदार राजेश कुमार, लेखपाल हरिशंकर मौके पर पहुंच गए और नुकसान का आंकलन किया। लेखपाल हरीशंकर ने बताया कि आगिभनकांड में लगभग 16 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। तहसीलदार राजेश कुमार ने पीड़ितों को जल्द मुआवजा दिलाने की बात कही।