ट्रेन आने के बाद प्लेटफार्म से कतारबद्ध होकर बाहर निकालते श्रमिक। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पंजाब से शनिवार सुबह स्पेशल ट्रेन 1541 श्रमिकों को लेकर स्टेशन पहुंची। यहां जांच के दौरान किसी भी श्रमिक में कोरोना जैसे लक्षण नहीं मिले। जिस पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। जांच के बाद 98 श्रमिकों को बसों से उनसे गृह जनपद भेज दिया गया।
पिछले आठ दिन में पंजाब में फंसे 11 हजार श्रमिक आठ स्पेशल ट्रेनों से जनपद पहुंच चुके हैं। शनिवार सुबह पंजाब से स्पेशल ट्रेन 1541 श्रमिकों व उनके परिजनों को लेकर हरदोई स्टेशन पहुंची।
नोडल अधिकारी व रेलवे के एरिया अफसर मनु गर्ग, सीमआई, अंबुज मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी धर्मवीर सिंह व जीआरपी प्रभारी योगेंद्र यादव की देखरेख में श्रमिकों को डिस्टेंसिंग के साथ प्लेटफार्म से बाहर निकाला गया। स्टेशन पर एडीएम संजय कुमार सिंह व एएसपी ज्ञानंजय सिंह की देखरेख में आरबीएसके की स्वास्थ्य टीमों ने श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की। जांच के बाद उन्नाव, कन्नौज, गोंडा, गोरखपुर, श्रावस्ती, संतकबीर नगर, आजमगढ़ व रायबरेली समेत अन्य जनपदों के 98 श्रमिकों को बसों से रवाना कर दिया गया। जबकि अन्य को संबंधित तहसीलों में भेज दिया गया।