अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर (हरदोई)। कस्बे स्थित सीएचसी में गुरुवार की शाम भर्ती कराई गई युवती की प्रसव के बाद मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा जमकर हंगामा काटा। आस पास मौजूद लोगों के समझाने के बाद परिजन शव लेकर चले गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगंज नगरिया गांव निवासी किरन पत्नी बुधपाल गर्भवती थी। गुरुवार की शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने किरन को प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। प्रसव के दौरान किरन ने बच्ची को जन्म दिया और उसकी मौत हो गई। किरन की मौत होने पर पर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। परिजनों का आरोप था कि चिकित्सकों ने प्रसव के दौरन लापरवाही बरती।
जिससे किरन की मौत हो गई। हंगामा होते देख आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव व नवजात बच्चे को लेकर चले गए। ड्यूूटी पर तैनात डॉ. आनंद पांडे ने बताया कि प्रसूता की हालत गंभीर थी। इसलिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन परिजन नहीं ले गए। जिससे उसकी मौत हो गई। डॉ. पांडे ने लापरवाही की बात से इंकार किया है, वहीं डिप्टी सीएमओ विजय सिंह ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। अगर अस्पताल प्रशासन दोषी पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
-परिजनों का आरोप, इलाज में बरती गई लापरवाही
-शव और नवजात को लेकर चले गए परिजन