हरदोई। परिषदीय स्कूलों के करीब 15 हजार शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं व अन्य विवरण आनलाइन किया जाएगा। इसको लेकर खंड शिक्षाधिकारियों से ब्लाकवार शिक्षकों से विवरण भरवाने का काम तेजी के साथ शुरू हो गया है। इसके बाद यू-डायस के माध्यम से शिक्षकों के विवरण की डाटा फीडिंग कराई जाएगी।
जिले के 2833 प्राथमिक, 1025 जूनियर व 44 एडेड स्कूलों के शिक्षकों का डाटा आनलाइन करने के निर्देश हुए थे। बीएसए मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने खंड शिक्षाधिकारियों को ब्लाकवार शिक्षकों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। सभी ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारियों ने सह समन्वयकों को शिक्षकों का विवरण एकत्र करने को कहा था। सह समन्वयकों ने ब्लाकवार शिक्षकों का विवरण एकत्र कर उनके प्रपत्रों को जिला मुख्यालय पर उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है।
इसके बाद शिक्षकों के विवरण को आनलाइन फीडिंग के लिए यू-डायस कक्ष में रखा गया है। डाटा फीडिंग के लिए ब्लाक वार कंप्यूटर लगाए गए हैं। जो मानव संपदा संसाधन प्रणाली भारत सरकार की वेबसाइट पर लोड किया जाएगा। इससे शिक्षकों का समस्त विवरण आनलाइन दिखेगा। मानव संपदा संसाधन प्रणाली के तहत कार्मिक विवरण भरने के दौरान शिक्षकों क ी व्यक्तिगत जानकारी, स्थायी व अस्थायी पता, ज्वाइनिंग की तिथि, शिक्षा, ट्रेनिंग, परिवार का विवरण, लोन डिटेल, अवकाश की स्थिति, विभागीय कार्रवाई, नामिनी, अवार्ड व निर्माण संबंधी कराए गए कार्यों की जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
यू-डायस बेसिक शिक्षा विभाग प्रभारी शैलेंद्र झा ने बताया कि ब्लाकवार शिक्षकों का विवरण मिलने लगा है। जिनकी फीडिंग कराने के लिए कंप्यूटर आपरेटरों को लगाया है। आपरेटरों को त्रुटिपूर्ण डाटा फीड करने के निर्देश दिए गए हैं।