गोपामऊ। नगरीय पेयजल योजना में नगर पंचायत की ओर से 1.19 करोड़ से लगवाए गए 14 वाटर कूलरों का रख-रखाव निरीक्षण में ठीक नहीं मिला।
वाटर के कूलर के पास ही जलजमाव और ओवरफ्लो होते मिला। इससे न केवल पानी खराब हो रहा है, बल्कि नगर में गंदगी भी फैल रही है। सदर एसडीएम ने वाटर कूलरों का निरीक्षण किया। नगरीय निकाय के जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि टोटियों की दूरी वाटर कूलर से बढ़ाई जाए और जलनिकासी की व्यवस्था सही कराई जाए।
नगर पंचायत में वैसे तो 36 स्थानों पर वाटर कूलर लगे हुए हैं। लोगों को भीषण गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलरों का नियमित और सही प्रकार से संचालन कराने की जिम्मेदारी नगरीय निकाय के अधिकारियों को सौंपी गई है। शनिवार को सदर एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने वाटर कूलरों के संचालन और व्यवस्था का जायजा लिया। रख-रखाव और जलनिकासी की व्यवस्था ठीक न होने पर नाराजगी जाहिर की। ईओ डीके भार्गव को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
बताया कि नगर पंचायत में 14 वाटर कूलर का सत्यापन किया गया है। इसमें वार्ड सागर तालाब में गंदगी, प्राथमिक विद्यालय में ओवरफ्लो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाबा विश्वनाथ मंदिर, वार्ड अचार्जन, पिहानी रोड मजार के वाटर कूलर की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। वाटर कूलर से पानी के ओवरफ्लो रोकने के लिए ऑटोमोड पर चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण आख्या डीएम को दी जाएगी।
बताया कि एक जुलाई से शुरु होने वाले संचारी रोग एवं दस्तक अभियान के उद्देश्य से नगर की पानी निकासी की भी व्यवस्था को देखा गया है। नाले-नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।