शाहाबाद। मझिला थाना क्षेत्र के बरी गांव में 27 सितंबर को जंगल में मिले युवक के शव के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है। मृतक के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। शव के पोस्टमार्टम में सिर पर वजनदार वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
बरी गांव निवासी रतिराम के मुताबिक, 26 सितंबर को उनका पुत्र उमेश (35) मवेशी चराने के लिए गांव के मैदानी क्षेत्र की ओर गया था। रात में वापस न आने पर उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 27 सितंबर को गांव से दो किलोमीटर दूर जंगल की झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला था। शव मिलने पर परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट की वजह से मौत होने की बात सामने आने पर रतीराम ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि रतीराम ने हत्या किए जाने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी अज्ञात पर मामला दर्ज हुआ है। उधर, दूसरी ओर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। कुछ अहम सुराग मिले हैं।