हरदोई। सदर विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए बावन मार्ग पर 132 केवीए का विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। इस उपकेंद्र के निर्माण से लगभग 40 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। सदर विधायक और प्रदेश सरकार में आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल के प्रस्ताव पर विद्युत उपकेंद्र के निर्माण को मंजूरी मिली है।
जिले में चार लाख 63 हजार विद्युत उपकेंद्र हैं। इनको 58 उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन 33 केवीए उपकेंद्रों की आपूर्ति मन्नापुरवा में बने 220 केवीए, बघौली के 132्र केवीए, संडीला के 132 केवीए, शाहाबाद के 132 केवीए, श्रीमऊ के 132 केवीए और मल्लावां के 220 केवीए से आपूर्ति की जाती है।
सदर विधान सभा क्षेत्र के 33 केवीए के उपकेंद्रों की आपूर्ति के लिए काफी अधिक दूरी की बिजली लाइन पड़ी है। इससे मेन लाइन में ओवर लोड और दूरी के कारण समस्या आती है। इस समस्या के कारण उपभोक्ताओं को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके समाधान के लिए सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने ऊर्जामंत्री को पत्र लिखकर बावन क्षेत्र में 132 केवीए उपकेंद्र की स्थापना कराने का प्रस्ताव भेजा थां।
इस पर उच्चाधिकारियों को 132 केवीए उपकेंद्र की स्थापना के निर्देश दिए गए है। जिसके लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार बावन मार्ग पर 132 केवीए उपकेंद्र को स्थापित किया जाएगा। इससे 33 केवीए उपकेंद्र गुरगुज्जा, सांडी रोड उपकेंद्र, सांडी रोड ग्रामीण उपकेंद्र, चरौली उपकेंद्र, बावन उपकेंद्र, ऐजा उपकेंद्र, बेहटागोकुल उपकेंद्र को जोड़ा जाएगा। इससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही मन्नापुरवा उपकेंद्र पर लोड कम होने से अन्य उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को भी बिजली समस्या से राहत मिलेगी। अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ढोलका ने बताया कि विभागीय 132 केवीए के संबंध में सूचनाएं मांगी जा रही हैं। जिनको उपलब्ध कराया जा रहा है।