हरदोई। बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मियों की सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड की जाएं और उनका बकाया मानदेय जल्द दिया जाए।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा-संविदा कर्मचारी संघ की सोमवार को शहीद उद्यान में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग में आउट सोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को पांच से छह माह बाद भी आधा वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों के परिचय पत्र जारी नहीं किए गए हैं। शासन के निर्देश के बावजूद कर्मचारियों के संबंध में सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड नहीं की गईं हैं। विभागीय ठेकेदार कर्मियों का आर्थिक दोहन कर रहे हैं। प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के संबंध में एक मार्च को प्रबंध निदेशक कार्यालय लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को प्रमोद कुमार मिश्र, लल्लूराम, इंद्रसेन त्रिपाठी, सुधीर कुमार, पिंकू ने संबोधित किया।