हरदोई। वर्तमान शिक्षा सत्र में इस बार दो आईटीआई में 11 नई ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक तकनीक से लैस कार्यशाला का निर्माण किया गया है। इससे जिले के शिक्षित युवाओं को नई तकनीक से प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिलेगा।
जिले में वर्तमान में छह राजकीय और नौ निजी आईटीआई संचालित हैं। जहां पर पूर्व में निर्धारित ट्रेडों से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस शिक्षा सत्र में एक निजी कंपनी के सहयोग से दो आईटीआई में 11 नई ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इनमें मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन, इंडस्ट्रीयल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिशियन यूजिंग स्मार्ट टूल्स, मैकेनिकल इलेक्ट्रिक व्हीकल, बेसिक डिजाइंस एंड वर्चुअल वेरीफायर, एडवांस सीएनसी मशीनिंग टेक्नीशियन, सीएएम प्रोग्रामर, प्लंबर, थ्री डी प्रिंटिंग, इंडस्ट्रीरियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स टेक्नीशियन और मैकेनिक मोटर व्हीकल शामिल हैं।
इसके लिए दोनों आईटीआई में आधुनिक कार्यशाला और शिक्षण कक्ष बनाएं गए हैं। इसमें आधुनिक तकनीक से युक्त मशीनों को लगाया गया है। प्रधानाचार्य रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आईटीआई में वर्तमान शिक्षा सत्र में नई ट्रेडों में प्रवेश लिए जाएंगे और उसी के साथ प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इससे शिक्षित युवा नई तकनीक की जानकारी सीख सकेंगेे और उनको रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।