अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर। थाना क्षेत्र के बेहटा रम्पुरा में मौसी के यहां रह रही किशोरी गुरुवार को आग की चपेट में आकर जिंदा जलकर मर गई। रसोई में चूल्हे पर खाना पकाते समय वह आग की चपेट में आकर चीख-पुकार मचाते हुए घर के बाहर भाग आई। पड़ोसियों ने किसी तरह उसे आग की चपेट से अलग किया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी कन्नौज की निवासी है। वह करीब 25 दिन पहले मौसी के यहां आई थी।
कन्नौज के थाना छिबरामऊ के भूई नगरा निवासी रामदास की करीब एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार में पत्नी प्रतिभा के अलावा बेटी काजल (14) थी। पति की मौत के बाद से प्रतिभा बेटी काजल को दिल्ली में रहने लगी। वह किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। प्रतिभा की दो बहनें हैं। जिनका ससुराल हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटा रमपुरा में है। उसकी दोनों बहनें किरन व माधुरी सगे भाइयों सुशील व आत्माराम को ब्याही हैं। करीब 25 दिन पहले काजल मौसी के यहां रमपुरा आई थी। गुरुवार को किरन व सुशील रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने की बात कहकर रायबरेली के लिए निकल गए थे। घर पर काजल व छोटी मौसी माधुरी और आत्माराम थे। लगभग 11 बजे माधुरी घर बाहर दरवाजे पर मूंगफली तोड़ रहे थे। काजल रसोई में चूल्हे पर खाना पका रही थी। कुछ देर बाद काजल आग की लपटों से घिरकर चीखते हुए घर के बाहर की तरफ भागती हुई निकली। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी इंद्रपाल समेत आदि पहुंचे और किसी तरह आग की चपेट से उसे अलग किया। जब तक बाग बुझाई गई काजल गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से इंद्रपाल उसे जिला अस्पताल ले आया। जहां पर डॉक्टर शेर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने लाश मुर्दाघर में रखवाकर शहर कोतवाली पुलिस को सूचना भेजी। एसओ गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में अभी मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। कहा तहरीर मिलने पर पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- खाना पकाते समय आग से झुलसी किशोरी, मौत
- कन्नौज थाना क्षेत्र के छिबरामऊ की निवासी थी किशोरी
- हरपालपुर के बेहटा रम्पुरा में मौसी के यहां रहने आई थी
- चूल्हे पर खाना पकाते समय आग की चपेट में थी आई