माधौगंज। कौड़ियापुर के पास शुक्रवार रात को कटी माइनर की पटरी को शनिवार शाम तक सिंचाई विभाग के अफसरों ने सही नहीं करवाया। शनिवार देर रात ग्रामीणों ने खुद ही मरम्मत की और पानी का बहाव रोका, लेकिन तब तक सौ बीघा की फसल जलमग्न हो गई।
शारदा नहर से निकले शुक्लापुर भगत माइनर की पटरी शुक्रवार की रात ग्राम कौड़ियापुर के पास कट गई। माइनर पटरी कटने पर सुबह तक आसपास 100 बीघा क्षेत्रफल में खड़ी रबी, सरसों, आलू आदि की फसलों में पानी भर गया।
इससे गांव के गुरुप्रसाद, बलवीर, सुरेश कुमार, राजवीर, धन सिंह, कृपाशंकर, रामकुमार, देवेश कुमार, होरीलाल, तोताराम, आशीष कुमार व लालू प्रसाद आदि किसानों के खेत में खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं।
शनिवार की सुबह इसकी जानकारी मिलने पर किसान मौके पर पहुंच गए। पटरी की मरम्मत करने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते सफल नहीं हो सके।
किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के जेई श्रीराम चौरसिया को दी, लेकिन सूचना देने के बाद भी शाम तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
इधर, मदद न पहुंचने पर शनिवार की रात को ग्रामीणों ने स्वयं ही जैसे तैसे माइनट पटरी की मरम्मत कर पानी का बहाव रोक दिया। माइनर पटरी की मरम्मत होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली।