हरदोई। ग्राम पंचायतों में काम और भुगतान में गड़बड़ी पर पंचायतीराज विभाग निदेशक ने नाराजगी जाहिर की है। गेटवे से इतर भुगतान पर डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने 10 पंचायत सचिवों से जवाब मांगा है। साक्ष्य सहित जवाब न देने पर कार्रवाई की बात कही।
ग्राम पंचायतों में कराए गए काम, खरीदारी के लिए भुगतान की पंचायत सचिवालय से ही व्यवस्था दी गई है। इसके लिए ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर गेटवे को पंचायत सचिवालय की लोकेशन से मैप्ड किया गया है। पंचायत के जिम्मेदार मनमानी कर रहे हैं।
गेटवे के बाहर से भुगतान किए जाने की स्थिति वाली ग्राम पंचायतों के 10 पंचायत सचिवों को चिह्नित किया गया है। इन पंचायत सचिवों पर आरोप है कि कई-कई बार ट्रांजेक्शन किए गए हैं। ऐसे पंचायत सचिवों को पंचायतीराज विभाग की तरफ से नोटिस दी जा रहीं हैं।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि भरावन, बेहंदर, सुरसा, टोडरपुर और अहिरोरी के पंचायत सचिवों को चिह्नित कर नोटिस दी जा रही हैं। साक्ष्य सहित जवाब मांगे गए हैं। जवाबों का परीक्षण किया जाएगा। संतोषजनक और साक्ष्य सहित जवाब न होने पर कार्रवाई की जाएगी।