गढ़मुक्तेश्वर। हाईवे पर हुए सड़क हादसे में जनपद मेरठ के माछरा निवासी रामकुमार की मौत के मामले में वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जनपद मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव माछरा निवासी रतन सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि उनके बेटे रामकुमार गांव के ही दीपक के साथ दो अगस्त को ब्रजघाट गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार हापुड़ के अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नंबर के आधार पर वाहन चालक की तलाश कराई जा रही है।