सिंभावली। हरोड़ा मोड़ स्थित मिठाई की दुकान पर सफाई करते समय फ्रिज से करंट लगने के कारण युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए हापुड़ और मेरठ लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। करीब छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। समीर पुत्र बसरात मूल रूप से क्षेत्र के गांव दतियाना के रहने वाले थे और वर्तमान में सिंभावली के हरोड़ा रोड स्थित गली नंबर तीन में रहते थे।
वह हरोड़ा मोड़ पर एक मिठाई की दुकान पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार देर शाम वह दुकान पर सफाई कर रहे थे। फर्श पर पानी डालते समय फ्रिज में करंट उतरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद उन्हें बिजली के संपर्क से अलग करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत ही उपचार के लिए हापुड़ और फिर मेरठ ले गए, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
छह माह पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
समीर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। करीब छह माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे समीर की अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजन शव को गांव दतियाना ले गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सीओ राहुल यादव ने बताया कि परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार किया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। संवाद