पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के रिलायंस रोड स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी के दौरान कथित तौर पर मजाक में की गई अमानवीय हरकत ने 19 वर्षीय युवक की जान ले ली। आरोप है कि साथ काम करने वाले युवकों ने उसे जबरन पकड़कर कंप्रेसर के जरिए उसके शरीर के संवेदनशील अंग में हवा भर दी।
घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। गाजियाबाद के एक अस्पताल में वह पांच दिन तक मौत से जूझता रहा। शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार गालंद गांव निवासी तुषार शर्मा (19) रिलायंस रोड स्थित प्लास्टिक की बोतल बनाने वाली एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। मृतक के ताऊ रामकुमार ने बताया कि 14 नवंबर को काम के दौरान दो साथियों ने तुषार को जबरन पकड़ लिया।
इसके बाद तीसरे साथी ने कंप्रेसर के जरिए उसके शरीर के संवेदनशील अंग में हवा भर दी। इस घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। सुधार न होने पर उसे गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तुषार के परिवार में माता-पिता और उससे छोटा एक भाई है। उसके पिता संजीव भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तुषार भी नौकरी करके पिता का हाथ बंटाता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में उनका सहारा बना हुआ था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। अभी तक परिवार की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।