बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मुदाफरा गेट के पास बाइक और बुग्गी की भिड़ंत में गांव श्यामपुर जट्ट निवासी दीपांशु सहवाग उर्फ बिट्टू (30) की मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने युवक को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया है। कानूनी कार्रवाई न करने पर पुलिस ने शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया था।
गांव श्यामपुर जट्ट निवासी दीपांशु सहवाग उर्फ बिट्टू मंगलवार की शाम अपने गांव के निशांत के साथ गांव लौटी से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। गांव मुदाफरा गेट के पास पहुंचने पर उनकी बाइक बुग्गी से टकरा गई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें बिट्टू की हालत गंभीर देख पुलिस ने उन्हें गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल निशांत को परिजनों ने मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न करने पर पुलिस ने मंगलवार की रात में ही शव को उन्हें सुपुर्द कर दिया था।
परिजनों के अनुसार बिट्टू अपने दो बहनों के इकलौता भाई थे। उनके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिजनों ने बुधवार की सुबह दीपांशु सहवाग का अंतिम संस्कार कर दिया था। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि परिजनों द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न करने के अनुरोध पर उन्हें शव को सुपुर्द कर दिया गया था।