पानी की टंकी पर युवक के चढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी मनीष चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी रोहित के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि रोहित कुछ समय पहले एक हादसे में घायल हो गया था, जिसमें उसके पैर की हड्डी टूट गई थी।
परिजनों द्वारा उसका इलाज कराया गया था और अब वह पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है। रोहित के स्वस्थ होने के बाद परिजन उससे इलाज में खर्च हुए रुपये वापस मांगने लगे थे। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी पारिवारिक तनाव के चलते वह शुक्रवार सुबह तहसील क्षेत्र पहुंचा और पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करने लगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में लिया गया है और उसके परिजनों को थाने बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा है।