संवाद न्यूज एजेंसी
हाफिजपुर। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी महिला ने एक युवक को घर के बाहर शोर करने से मना कर दिया। इससे गुस्साए युवक ने महिला की पिटाई कर दी। महिला ने थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी मनीषा ने बताया कि शनिवार की शाम उसके पड़ोस में शादी थी। वह और उसके परिजन शादी में गए थे। जब वह अकेली शादी से अपने घर लौट रही थी तो इसी बीच गांव का ही ओमपाल घर के बाहर शोर कर रहा था। महिला ने इसका विरोध किया तो ओमपाल ने हाथापाई करते हुए उसकी पिटाई कर दी। महिला के शोर मचाने पर पड़ोस के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिन्हें देख ओमपाल वहां से भाग गया। उसने बताया कि उसे व उसके परिजनों को ओमपाल से जानमाल का खतरा है। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस से की।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि ओमपाल के खिलाफ तहरीर मिली थी। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराकर आरोपी ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।