जिला अस्पताल में बंद हुई लिफ्ट को खोलने का प्रयास करते लोग। संवाद
हापुड़। दस्तोई रोड स्थित जिला अस्पताल में दो मजदूर तीसरी मंजिल पर जाते समय लिफ्ट में फंस गए। तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच बंद हो गई। करीब आधा घंटा तक कर्मचारी उसमें फंसे रहे। फोन करने पर किसी तरह लिफ्ट को नीचे उतारा और औजारों से गेट खोलने के बाद मजदूर बाहर आ सके।
जिला अस्पताल की ऊपरी मंजिलों पर क्रिटिकल केयर यूनिट बन रही है। कई अन्य इकाइयां भी दूसरी और तीसरी मंजिल पर बनी हैं। मंगलवार को निर्माण सामग्री लेकर दो मजदूर सावेद और जावेद लिफ्ट में चढ़ गए। लिफ्ट को तीसरी मंजिल पर पहुंचना था, लेकिन यह बीच में ही रुक गई। बिजली की सप्लाई आ रही थी, किसी तकनीकी खामी के चलते लिफ्ट रुक गई। ऐसे में दोनों मजदूरों की सांसें अटक गईं। किसी तरह उन्होंने मोबाइल फोन के जरिये अपने अन्य साथियों को कॉल की।
लिफ्ट में फंसे होने की सूचना पर सभी वहां एकत्र हो गए। किसी तरह लिफ्ट को नीचे उतारा गया लेकिन उसका गेट नहीं खुल सका, करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद औजारों से लिफ्ट का गेट खोला, तब कहीं जाकर मजदूर बाहर निकल सके।
जिला अस्पताल में बंद हुई लिफ्ट को खोलने का प्रयास करते लोग। संवाद