गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला रिफ्यूजी कॉलोनी की दलित बस्ती के निकट डूडा द्वारा इंटरलॉक टाइल्स से सड़क बनाई जा रही है। बुधवार को बस्ती में रहने वाली महिलाओं ने हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया और रास्ते के किनारे बनाई जा रही नाली को भी तोड़ दिया। ठेकेदार ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। जिसके बाद ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की, तो महिलाओं ने बताया कि बिना बताए रास्ते को ऊंचा उठाकर टाइल्स लगाई जा रही हैं, रास्ता ऊंचा होने पर बारिश का पानी घरों में भरेगा। जिससे बस्ती में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ेगी। महिलाओं की जिद के कारण ठेकेदार काम बंद कर चला गया। ठेकेदार सुरेश चंद ने बताया कि अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान ढूंढा जाएगा। मोहल्ले के लोगों को समझाकर काम चालू कराया जाएगा।