गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव निवासी महिला को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने तीसरी बेटी होने पर पिटाई कर घायल कर दिया। विरोध किया तो पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़ित के पिता ने न्यायालय में वाद दायर कर कार्रवाई करने की मांग की है। गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी का निकाह जनपद अमरोहा के गांव निवासी युवक से हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी का उत्पीड़न करने लगे। उसने बताया कि बेटी दो बच्चियों की मां है। हाल ही में उसने तीसरी बेटी को जन्म दिया। इसके बाद ससुरालियों का उत्पीड़न बढ़ गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी रोजाना उसे ताने देने लगे, विरोध करने पर आरोपियों ने पिटाई की। इसकी शिकायत करने पर दामाद ने बेटी को तलाक दे दिया। वहीं बच्चियों के साथ घर से निकाल दिया। मामले की जानकारी मिलने पर वह बेटी की ससुराल पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। तभी से बेटी मायके में रह रही है। उसने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस कारण उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि न्यायालय से कोई आदेश प्राप्त होता है, तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।