संवाद न्यूज एजेंसी
बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के एनएच-9 स्थित बछलौता फ्लाईओवर के पास दो कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक कार सवार जिला अमरोहा के गांव बड़ा हसनपुर निवासी सीमा (40) की मौत हो गई। सीमा के पति व दो बच्चे घायल हो गए। पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिला अमरोहा के गांव बड़ा हसनपुर निवासी चमन अपनी पत्नी सीमा और पुत्री शिखा व ऐली के साथ कार में सवार होकर अमरोहा से दिल्ली जा रहे थे। एनएच-9 स्थित बछलौता फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर उनकी कार आगे जा रही इनोवा कार से पीछे से टकरा गई। इस दौरान वैगनार कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सीमा को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला के पति चमन व दोनों पुत्रियों को गंभीर चोटें नहीं आई है। सीओ ने बताया कि पुलिस दोनों कारों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।